पंचकूला, 04 अगस्त (वेब वार्ता)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार 9 से 17 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन करेगी। इस दौरान विभिन्न जिलों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 9 अगस्त को महेंद्रगढ़ में विशेष तिरंगा कॉन्सर्ट का आयोजन होगा। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा निवास में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। राज्यभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगे के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से संबंधित विशेष कार्यक्रम और प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर डिजिटल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से इसकी ऐतिहासिक यात्रा को भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक उद्यानों, सभागारों, पुस्तकालयों, विद्यालयों और अन्य प्रमुख स्थानों पर तिरंगे और राष्ट्रीय गीत से जुड़ी विशेष प्रदर्शनियां आयोजित होंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान के तहत नागरिक ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ खींची गई तस्वीरें अपलोड कर सकेंगे। साथ ही, अभियान के प्रचार-प्रसार में डिजिटल माध्यमों का भी व्यापक उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को पूरे प्रदेश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मौन और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा गुरु रविदास के 650वें प्रकट दिवस के अवसर पर भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर जताया गर्व
पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने कुल 39 पदक जीते हैं, जिनमें 10 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों के खाते में आए हैं। देश के 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं, जिनमें 5 स्वर्ण पदक प्रदेश की बेटियों ने अपने नाम किए हैं। उन्होंने इसे पूरे हरियाणा के लिए गर्व का विषय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीब और बीपीएल परिवारों को नि:शुल्क राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने प्रदेशवासियों से तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से भी परिचित कराते हैं।




