भोपाल, 26 जुलाई (वेब वार्ता)। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, लहारपुर में शनिवार देर रात बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने घरों के बाहर खड़े वाहनों पर पत्थर बरसाकर उनके कांच तोड़ दिए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
घटना रात करीब 2:40 बजे की बताई जा रही है। बदमाशों ने कॉलोनी में खड़े कई वाहनों को निशाना बनाया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार संतोष कुमार की कार के कांच भी पत्थरों से तोड़ दिए गए। इसके अलावा आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पत्रकार संतोष कुमार ने बताया कि देर रात लगातार तेज आवाजें सुनाई देने पर उनकी नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो उनकी कार सहित कई वाहनों के कांच टूटे पड़े थे। उन्होंने तुरंत आसपास के रहवासियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे तथा पुलिस उपायुक्त (जोन-2) विकास सहवाल को फोन पर सूचित किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली है, जिसमें बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि लहारपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पिछले कुछ समय से असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। क्षेत्र में चोरी, तोड़फोड़ और अन्य आपराधिक घटनाओं के कारण लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।




