हरदोई में 1.28 करोड़ की चोरी का खुलासा, दुकान के कर्मचारियों समेत 14 आरोपी गिरफ्तार

-लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई, 26 जुलाई (वेब वार्ता)। शहर के रेलवेगंज क्षेत्र में हुई 1 करोड़ 28 लाख 99 हजार 310 रुपये की सनसनीखेज चोरी का हरदोई पुलिस ने महज आठ दिन में खुलासा करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। थाना कोतवाली शहर पुलिस ने स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम के संयुक्त अभियान में चोरी की पूरी रकम बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 17 जुलाई 2026 को रेलवेगंज निवासी व्यापारी पंकज अग्रवाल ने कोतवाली शहर में तहरीर देकर बताया था कि उनके घर में संचालित परचून की थोक दुकान से 16/17 जुलाई की रात 1 करोड़ 28 लाख 99 हजार 310 रुपये की नकदी चोरी हो गई थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि दुकान पर कार्यरत कुलदीप, दिव्यांशु और शोभित को दुकान में रखी भारी नकदी की पूरी जानकारी थी। तीनों ने लालच में आकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शोभित निवासी ग्राम पेड़ा, दीपक साहू, सनी गुप्ता व अमान निवासी हरिओम नगर, थाना मड़ियाव (लखनऊ), अजय शुक्ला व विशाल उर्फ गोलू निवासी बेलाहा, थाना टड़ियावां, बदन, केशव, शिवम व नीरज निवासी नगेटा पूर्वी, परम किशोर निवासी बराड़ाल सिंह, थाना सुरसा, सनी वाल्मीकि निवासी जमादार कॉलोनी, प्रिंस निवासी कोडरा सरैया, थाना बेहटागोकुल तथा महफूज उर्फ लाली निवासी सिगढ़न, कस्बा सूरतगंज, जनपद बाराबंकी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को भी नियमानुसार पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी 1 करोड़ 28 लाख 99 हजार 310 रुपये की नकदी बरामद कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अजय शुक्ला और अमान के खिलाफ पहले से चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। इस पूरे ऑपरेशन को थाना कोतवाली शहर पुलिस, स्वाट टीम, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हरदोई पुलिस की इस कार्रवाई को जिले की सबसे बड़ी चोरी की घटनाओं के सफल खुलासों में से एक माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -