राज्यछत्तीसगढ़स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों के विरोध...

स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, लाखे नगर बिजली दफ्तर में धरना

रायपुर, 12 जून (वेब वार्ता)। स्मार्ट मीटर के जरिए मनमाने और अत्यधिक बिजली बिल भेजे जाने के आरोपों को लेकर शुक्रवार को राजधानी रायपुर के लाखे नगर स्थित बिजली कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। अचानक तीन से पांच गुना तक बढ़े बिजली बिलों से परेशान बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचे, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद उन्होंने पीड़ित उपभोक्ताओं के साथ बिजली कार्यालय के भीतर ही धरना शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिकायत लेकर पहुंचे उपभोक्ताओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनके बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले की तुलना में उनके बिल तीन, चार और पांच गुना तक बढ़कर आ रहे हैं। कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारियों से समाधान नहीं मिलने के कारण उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी गई।

मौके पर पहुंचे कन्हैया अग्रवाल ने उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं और बिजली विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की और उपभोक्ताओं के समर्थन में बिजली कार्यालय के भीतर धरने पर बैठ गए। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

जांच के बाद होगी बिलों में सुधार

बढ़ते विरोध को देखते हुए विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में असामान्य वृद्धि हुई है, उनकी शिकायतों की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित बिलों में आवश्यक सुधार किया जाएगा।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी शिकायतकर्ता उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

मुख्यमंत्री पर साधा निशाना

धरना प्रदर्शन के दौरान कन्हैया अग्रवाल ने राज्य सरकार और बिजली विभाग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है और उपभोक्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने ही विभाग को प्रभावी ढंग से संचालित नहीं कर पा रहे हैं, जिसके कारण जनता परेशान हो रही है। कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था के कारण आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ रहा है और कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी।

मुख्यालय घेराव की चेतावनी

कन्हैया अग्रवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में भी उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान नहीं किया गया और मनमाने बिजली बिलों का सिलसिला जारी रहा, तो कांग्रेस बिजली विभाग के मुख्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करने के लिए तैयार है।

इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, पीड़ित बिजली उपभोक्ता और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद उपभोक्ताओं ने उम्मीद जताई कि विभाग उनके मामलों की निष्पक्ष जांच कर राहत प्रदान करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -