नई दिल्ली, 10 जून (वेब वार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने वाले नेता बन गए हैं। बुधवार को प्रधानमंत्री पद पर उनके लगातार बने रहने का 4,399वां दिन रहा, जिसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश के विभिन्न हिस्सों में विशेष पूजा-अर्चना और प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और लंबे सफल नेतृत्व काल की कामना की गई।
नई दिल्ली स्थित झंडेवालान मंदिर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा भी उनके साथ मौजूद रहे। सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख संजय मयूख ने भी पूजा में भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की।
वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक ने भी प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की। उनके साथ दिल्ली भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा भी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने मयूर विहार फेज-1 स्थित श्री गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के सफल नेतृत्व की कामना की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किशनगंज स्थित पिंजरापोल गौशाला पहुंचकर गौसेवा की। इसके बाद उन्होंने परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और सुंदरकांड का पाठ भी किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के नेतृत्व को देश के विकास, विश्वास और जनकल्याण का महत्वपूर्ण दौर बताया।
रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा, समर्पण और कार्य संस्कृति ने देश में व्यापक बदलाव का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व देश को नई ऊंचाइयों तक लेकर गया है।
दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने ब्राह्मण समाज मंदिर में पूजा-अर्चना की। वहीं, चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने हनुमान वाटिका रामलीला मैदान में विशेष पूजा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे और सफल नेतृत्व काल के लिए प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद वर्ष 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी उन्होंने लगातार जीत हासिल कर सत्ता में वापसी की। लगातार तीन आम चुनावों में विजय प्राप्त कर उन्होंने भारतीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है।
जवाहरलाल नेहरू 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहे थे। उनका यह रिकॉर्ड छह दशक से अधिक समय तक कायम रहा। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि को अपने नाम कर लिया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत जनाधार, संगठनात्मक क्षमता और लंबे समय तक जनता के बीच बने विश्वास को दर्शाती है। वहीं भाजपा इसे जनसमर्थन और विकास आधारित राजनीति की जीत के रूप में देख रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस उपलब्धि के साथ भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है, जिसे आने वाले वर्षों में देश की राजनीतिक यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में याद किया जाएगा।




