छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत भीषण गर्मी से, कई जिलों में लू का अलर्ट

रायपुर, 27 मई (वेब वार्ता)। नौतपा की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि दिनभर चल रही गर्म हवाओं और लू ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

सोमवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में भी इस मौसम में पहली बार तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया। माना, मुंगेली, दुर्ग और बिलासपुर सहित कई जिलों में तेज गर्मी का असर स्पष्ट रूप से देखा गया, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी और लू के कारण दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी। तेज धूप और गर्म हवाओं ने दैनिक जीवन को प्रभावित किया है। विशेषज्ञों के अनुसार नौतपा के शुरुआती दिनों में तापमान में इस तरह की बढ़ोतरी सामान्य मानी जाती है, लेकिन लगातार चल रही लू ने स्थिति को अधिक चुनौतीपूर्ण बना दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। हालांकि बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवेश शुरू होने के संकेत मिले हैं, जिससे आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव संभव है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

विभाग ने 26 मई से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और बूंदाबांदी की संभावना भी जताई है। यदि मौसम में यह बदलाव आता है तो लोगों को तेज गर्मी और लू से कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, राजनांदगांव और बस्तर सहित कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को भी मौसम शुष्क बने रहने और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। प्रशासन भी लोगों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -