राज्यहरियाणाहरियाणा में बढ़ेगी भीषण गर्मी, 18 से 22...

हरियाणा में बढ़ेगी भीषण गर्मी, 18 से 22 मई तक लू का यलो अलर्ट जारी

चंडीगढ़, 17 मई (वेब वार्ता)। हरियाणा में आने वाले दिनों में लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने 18 से 22 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए विभाग की ओर से यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंचने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। बारिश या बादल छाने की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

पिछले सप्ताह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। लेकिन अब एक बार फिर तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। हरियाणा में रोहतक सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास या उससे ऊपर दर्ज किया गया। सिरसा में 42 डिग्री, नारनौल में 41.5, मेवात में 41.4, जींद में 40.6, सोनीपत में 39.7, रेवाड़ी में 39.5 और गुरुग्राम में 39.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं के कारण हरियाणा के दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में लू का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। वहीं उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में भी तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

हालांकि रात के तापमान में अभी राहत बनी हुई है। रोहतक में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम रहा।

भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों और किसानों के लिए सलाह भी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि दोपहर के समय ज्यादा देर तक धूप में न रहें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से घर से बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढंकने की अपील की है। वहीं किसानों को सलाह दी गई है कि फसलों की सिंचाई सुबह या शाम के समय करें, ताकि तेज गर्मी का असर कम हो सके। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क करने की अपील भी की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -