बदरीनाथ हेलिपैड विस्तार के लिए भेजा गया 1.4 करोड़ का चेक गायब, विभाग में मचा हड़कंप

- Advertisement -

गोपेश्वर, 15 मई (वेब वार्ता)। उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम में हेलिपैड विस्तार कार्य के लिए भेजा गया 1.4 करोड़ रुपये का चेक रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया है। मामला सामने आने के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है। चेक उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की ओर से रजिस्ट्री डाक के माध्यम से ग्रामीण निर्माण विभाग गोपेश्वर कार्यालय भेजा गया था, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रजिस्ट्री आखिर किस अधिकारी या कर्मचारी ने प्राप्त की।

जानकारी के अनुसार बदरीनाथ धाम में हेलिपैड विस्तार का कार्य यूकाडा की देखरेख में कराया जा रहा है, जबकि निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ग्रामीण निर्माण विभाग को दी गई है। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 1.68 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यूकाडा ने प्रथम किस्त के रूप में 1.4 करोड़ रुपये का चेक देहरादून से रजिस्ट्री डाक के जरिए भेजा था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अला दीया ने यूकाडा अधिकारियों से निर्माण कार्य के लिए धनराशि जारी करने का अनुरोध किया। इस पर यूकाडा की ओर से बताया गया कि चेक पहले ही भेजा जा चुका है और विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार 6 अप्रैल को उसे प्राप्त भी कर लिया गया था।

इसके बाद ग्रामीण निर्माण विभाग कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की गई। हालांकि सभी ने रजिस्ट्री प्राप्त करने से इन्कार कर दिया। विभागीय स्तर पर कर्मचारियों और अधिकारियों के हस्ताक्षरों का मिलान भी कराया गया, लेकिन डाक विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज हस्ताक्षर किसी से मेल नहीं खा सके।

अधिशासी अभियंता अला दीया ने बताया कि बदरीनाथ में 20 अप्रैल से हेलिपैड विस्तार का कार्य शुरू हो चुका है। परियोजना के तहत हेलिपैड को एमआई-17 हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के अनुरूप 30 मीटर से बढ़ाकर 45 मीटर किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि एचडीएफसी बैंक से चेक नंबर की जांच कराई गई, जिसमें अब तक धनराशि निकाले जाने की पुष्टि नहीं हुई है। बैंक प्रबंधन को चेक निरस्त करने के लिए पत्र भेज दिया गया है। साथ ही यूकाडा से नया चेक जारी करने का अनुरोध भी किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि चेक गायब होने की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है और जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -