भीलवाड़ा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से दो जीआरपी जवानों समेत तीन की मौत

- Advertisement -

भीलवाड़ा, 15 मई (वेब वार्ता)। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में शुक्रवार अलसुबह नेशनल हाईवे-48 पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो जीआरपी जवानों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मांडल चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिसकर्मियों की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों जवानों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनके साथ ले जाए जा रहे बाइक चोरी के आरोपी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ जीआरपी थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल लेखराज बागड़ी और कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार जाट की ड्यूटी भीलवाड़ा क्षेत्र में थी। दोनों पुलिसकर्मी बाइक चोरी के आरोपी छोटू भील को मांडल से भीलवाड़ा लेकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि विभाग के पास बड़ी गाड़ी उपलब्ध नहीं होने के कारण आरोपी को बाइक पर ही ले जाया जा रहा था।

इसी दौरान मांडल चौराहे के पास पुलिया के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों जवान सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में आरोपी छोटू भील गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल आरोपी को तत्काल मांडल उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे-48 पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के चलते करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। ड्यूटी के दौरान दो जवानों की मौत से जीआरपी और पुलिस महकमे में गहरा दुख व्याप्त है। वहीं घटना के बाद हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -