न्यू अशोक नगर में सीलिंग पर फिलहाल रोक, दुकानदारों ने ली राहत की सांस

- Advertisement -

नई दिल्ली, 12 मई (वेब वार्ता)। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में प्रस्तावित सीलिंग कार्रवाई फिलहाल टल गई है। दिल्ली नगर निगम की टीम मंगलवार को सीलिंग के लिए नहीं पहुंची, जिसके बाद इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा के हस्तक्षेप के बाद डीडीए ने कार्रवाई रोक दी।

पिछले कुछ दिनों से इलाके में सीलिंग की आशंका के चलते भय का माहौल बना हुआ था। रिहायशी क्षेत्रों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई से बचने के लिए कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर हटाकर उनके आगे दीवारें तक खड़ी कर दी थीं। बीते तीन दिनों में करीब 250 दुकानों को बंद कर दिया गया था।

मंगलवार सुबह भी दुकानदारों में दहशत बनी रही और लोग अपनी दुकानों के बाहर पहरा देते नजर आए। इसी बीच स्थानीय पार्षद संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को जानकारी दी कि फिलहाल सीलिंग रोक दी गई है। इसके बाद उन्होंने खुद हथौड़े से उन दीवारों को तोड़ना शुरू किया, जिन्हें दुकानों को छिपाने के लिए बनाया गया था। हालांकि शाम तक भी अधिकांश दुकानदारों में डर बना रहा और केवल कुछ ही दुकानें दोबारा खुल सकीं।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर दिल्ली के रिहायशी इलाकों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों का सर्वे कराया जा रहा है। डीडीए के निर्देश पर दिल्ली नगर निगम यह सर्वे कर रहा था। अब डीडीए ने निगम के शाहदरा उत्तरी और दक्षिणी जोन को पत्र भेजकर फिलहाल सर्वे रोकने के निर्देश दिए हैं। निगम उपायुक्त ममता यादव ने भी इसकी पुष्टि की है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वर्ष 2004 के दौरान दिल्ली में बड़े स्तर पर सीलिंग अभियान चलाया गया था, जिसके बाद कई सड़कों का भूमि उपयोग बदलकर उन्हें व्यावसायिक और अर्ध-व्यावसायिक श्रेणी में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि न्यू अशोक नगर की सड़क अब भी उस सूची से बाहर है और इसे व्यावसायिक श्रेणी में शामिल करने के लिए डीडीए से अनुरोध किया गया है।

स्थानीय पार्षद संजीव सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां सड़क का भूमि उपयोग बदलने का प्रयास कर रही हैं, ताकि लोगों को स्थायी राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि फिलहाल सीलिंग पर रोक लगा दी गई है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

दुकानदार इंद्रजीत सिंह ने बताया कि वह वर्ष 2014 से किराये पर बेकरी चला रहे हैं। सीलिंग के डर से उन्होंने तीन दिन पहले अपनी दुकान पूरी तरह बंद कर दी थी, लेकिन राहत मिलने के बाद मंगलवार को दोबारा दुकान खोली।

वहीं, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष आदेश शर्मा ने कहा कि यदि बड़े स्तर पर सीलिंग होती, तो हजारों लोगों के सामने बेरोजगारी का संकट खड़ा हो जाता। उन्होंने मांग की कि न्यू अशोक नगर की सड़क का भूमि उपयोग स्थायी रूप से बदला जाए, ताकि भविष्य में व्यापारियों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -