-समयबद्ध तरीके से परियोजनाएं पूरी कर जनता को समर्पित करने के निर्देश
ललितपुर, 12 मई (आलोक चतुर्वेदी)। जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज विकास परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधूरी परियोजनाओं में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में दर्ज कुल 194 विकास परियोजनाओं में से 124 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 17 परियोजनाएं विभिन्न कारणों से लंबित हैं। वहीं 53 परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माणाधीन हैं। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को विभागीय समन्वय बनाकर लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में विकास कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। विद्युत विभाग एवं सीएलडीएफ के अधिकारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति दर्ज की। जिलाधिकारी ने दूरभाष पर संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए भविष्य में बैठक से अनुपस्थित रहने पर वेतन रोकने जैसी कार्रवाई की चेतावनी दी।
भूमि विवादों के कारण प्रभावित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने डीआईओएस को वस्त्रावन और बछरई में प्रस्तावित विद्यालय निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए उपजिलाधिकारी एवं पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं मड़ावरा किला में पर्यटन निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों में अनावश्यक देरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




