नई दिल्ली, 12 मई (वेब वार्ता)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि उनकी सरकार स्वास्थ्यकर्मियों के कार्य वातावरण को बेहतर बनाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा में दिन-रात समर्पित रहने वाले नर्सिंग स्टाफ का सम्मान करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और वहां कार्यरत नर्सिंग स्टाफ से मुलाकात कर उनके सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का सर्वोच्च उदाहरण है। डॉक्टर जहां मरीजों का उपचार करते हैं, वहीं नर्सें अपनी देखभाल और ममता से उन्हें नया जीवन देने का कार्य करती हैं।
उन्होंने अस्पताल में कार्यरत केरल, राजस्थान, पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से आए नर्सिंग कर्मचारियों से विशेष संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं के पीछे देश के अलग-अलग हिस्सों से आए स्वास्थ्यकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान है।
संवाद के दौरान रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार ने 27 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद नर्सिंग इंटर्न्स के स्टाइपेंड में रिकॉर्ड वृद्धि की है। पहले जहां नर्सिंग इंटर्न्स को 500 रुपये मिलते थे, वहीं अब यह राशि बढ़ाकर 13 हजार 150 रुपये कर दी गई है। इस फैसले से 180 नर्सिंग इंटर्न्स को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मजबूती के लिए सरकार ने 1,388 नर्सिंग अधिकारियों और 41 पैरामेडिकल कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में संसाधनों और मानवबल को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
रेखा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर सभी नर्सों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और सेवा भावना के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी नर्सिंग स्टाफ का धैर्य और समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायक है।




