कानपुर, 11 मई (हरी शंकर शर्मा)। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर कानपुर मंडल में चलाए गए विशेष ओवरलोडिंग अभियान के तहत परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 505 ओवरलोड वाहनों का चालान किया है। अभियान के दौरान 155 वाहनों को सीज किया गया, जबकि वाहन संरचना में बदलाव करने वाले 145 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। इस पूरी कार्रवाई में 125.07 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
आरटीओ प्रवर्तन विभाग द्वारा 25 अप्रैल से 10 मई 2026 तक यह अभियान चलाया गया। कानपुर नगर में अकेले 325 ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया, जबकि 42 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा 54 वाहनों पर अवैध संरचनात्मक बदलाव को लेकर कार्रवाई करते हुए कुल 13.84 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
प्रदेश सरकार ने ओवरलोडिंग रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए थे। परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने सभी मंडलीय और जिला परिवहन अधिकारियों को अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद कानपुर मंडल में आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेष अभियान शुरू किया गया।
वरिष्ठ एआरटीओ प्रवर्तन कहकशां खातून ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की गई है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि घाटमपुर और बिल्हौर जैसे क्षेत्रों में, जहां ओवरलोड वाहनों की संख्या अधिक रहती है, वहां पुलिस और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और इससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसी कारण विभाग ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है।
हालांकि कानपुर मंडल के अन्य जिलों में कार्रवाई का स्तर अपेक्षाकृत कम देखने को मिला। मंडल के अंतर्गत आने वाले औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद और कानपुर देहात में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी। विभागीय सूत्रों के अनुसार इन जिलों में अभियान की प्रभावशीलता को लेकर समीक्षा भी की जा सकती है।
परिवहन विभाग का कहना है कि भविष्य में भी ओवरलोडिंग और अवैध वाहन संशोधन के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और नियमों का पालन कराया जा सके।




