हरियाणा निकाय चुनाव में सुबह से मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें, कई जिलों में हंगामे की स्थिति

चंडीगढ़, 10 मई (वेब वार्ता)। हरियाणा में निकाय चुनाव को लेकर रविवार को मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न जिलों के मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लग गईं और युवा से लेकर बुजुर्ग तक बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंचे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और अधिकांश स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी रहा। हालांकि कुछ इलाकों से अव्यवस्था और विवाद की खबरें भी सामने आईं।

अंबाला सिटी के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान स्थित मतदान केंद्र पर मतदाताओं को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा जब मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। कई मतदाताओं के पहचान पत्र और आधार कार्ड मोबाइल में होने के कारण वे मतदान नहीं कर सके। इस मुद्दे को लेकर वार्ड 12 के कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष आपत्ति जताई। बाद में प्रशासन ने मतदान केंद्र के बाहर कंप्यूटर और प्रिंटर लगाने की अनुमति दी, ताकि मतदाता अपने दस्तावेजों की प्रति निकालकर मतदान कर सकें।

झज्जर में नगर परिषद के वार्ड 13 के उपचुनाव के दौरान फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हो गया। पार्षद पद के उम्मीदवार सुधांशु ने आरोप लगाया कि एक युवक किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर वोट डालने की कोशिश कर रहा था। घटना के बाद मतदान केंद्र पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस और चुनाव अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

अंबाला सिटी के ही राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बलदेव नगर स्थित मतदान केंद्र पर धीमी मतदान प्रक्रिया को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। मतदाताओं ने आरोप लगाया कि मतदान जानबूझकर धीमी गति से कराया जा रहा है। कई लोगों ने लंबे समय तक कतार में खड़े रहने पर नाराजगी जताई। एक मतदाता ने गुस्से में अपनी मतदान पर्ची तक फाड़ दी।

पंचकूला नगर निगम चुनाव के दौरान भी सुबह से मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ दिखाई दी। सेक्टर-16 स्थित ब्लूबर्ड हाई स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर मतदाता सुबह से ही लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। बुजुर्ग और महिला मतदाताओं में भी मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।

चुनाव आयोग और प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी शिकायतों पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

राजनीतिक दलों की नजर भी मतदान प्रतिशत और स्थानीय मुद्दों पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि इस बार निकाय चुनावों में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी स्थानीय राजनीति के नए समीकरण तय कर सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles