पुलिस मुठभेड़ में दो पशु तस्कर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

अंबाला, 09 मई (वेब वार्ता)। शाहाबाद मारकंडा रोड के निकट शुक्रवार को पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बाइक सवार आरोपियों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा बाइक गिरने से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार घायल आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के चिलकाना निवासी मोनीश और उसके साथी रेहान के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए मुलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बताया गया कि दोनों आरोपी एक मई की रात अंबाला कैंट के पंजोखरा क्षेत्र में हुई गोलीबारी और हत्या की घटना में वांछित थे। उस दौरान पशु तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें राहगीर युवक गुरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी की गोली लगने से मौत हो गई थी।

जानकारी के अनुसार, एक मई की रात टुंडला गांव के पास पुलिस ने पशु तस्करों को रोकने का प्रयास किया था। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग और पत्थरबाजी की थी। बाद में आरोपी अपनी पिकअप गाड़ी छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस को छोड़ी गई पिकअप से दो गाय बरामद हुई थीं।

घटना के बाद मृतक के पिता की शिकायत और पुलिस पर हमले के मामले में पशु तस्करों के खिलाफ दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। तभी से पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और अन्य सामग्री भी बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि अब पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है तथा पशु तस्करी का नेटवर्क कहां से संचालित किया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। वहीं सीआईए-1 की टीम अन्य फरार तस्करों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles