चंडीगढ़, 28 अप्रैल (वेब वार्ता)। हरियाणा के कई जिलों में सोमवार को दिनभर भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिला, जिसके बाद देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी चली और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई।
प्रदेश में अधिकतम तापमान फरीदाबाद में सबसे अधिक 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में 44.2, महेंद्रगढ़ में 43.5, हिसार में 43.4, जींद में 43.1 और गुरुग्राम में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 28 से 30 अप्रैल के बीच प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की वर्षा होने की संभावना है। इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
दोपहर के बाद भिवानी, हिसार, रेवाड़ी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ सहित कई जिलों में तेज धूल भरी हवाएं चलीं। शाम के समय मौसम में अचानक बदलाव आया और आसमान में धूल के गुबार छा गए।
कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली। हालांकि दिनभर की तीखी धूप और उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में आंधी और बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम के इस दौर में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।



