नई दिल्ली, 26 अप्रैल (वेब वार्ता)। आईपीएल के मौजूदा सत्र में शानदार प्रदर्शन कर रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की चोट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार शतक जड़ने के बाद उनकी फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई थी, लेकिन ताजा जानकारी ने टीम और प्रशंसकों को कुछ राहत दी है।
वैभव सूर्यवंशी ने 37 गेंदों में 103 रनों की विस्फोटक पारी खेलते हुए मुकाबले में 5 चौके और 12 छक्के जड़े। हालांकि मैच की दूसरी पारी में फील्डिंग के दौरान वह लंगड़ाते हुए नजर आए, जिसके बाद टीम के फिजियो ने मैदान पर ही उनका उपचार किया।
राजस्थान टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने उनकी स्थिति पर जानकारी देते हुए बताया कि वैभव को हैमस्ट्रिंग में हल्की परेशानी महसूस हुई थी, लेकिन फिलहाल उनकी स्थिति ठीक है। उन्होंने कहा कि अगले एक-दो दिनों में स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी, हालांकि चोट गंभीर नहीं लग रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वैभव आगामी मुकाबले में उपलब्ध रहेंगे या नहीं। टीम प्रबंधन की ओर से भी इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। राजस्थान का अगला मुकाबला 28 अप्रैल को पंजाब के खिलाफ खेला जाना है, ऐसे में उनकी उपलब्धता पर नजर बनी हुई है।
ऑरेंज कैप की दौड़ में मजबूत दावेदारी
वैभव सूर्यवंशी इस सत्र में शानदार फॉर्म में हैं और ऑरेंज कैप की दौड़ में बने हुए हैं। उन्होंने अब तक 8 पारियों में 44.62 की औसत और 234.87 के प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से 357 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक भी निकले हैं।
वर्तमान में ऑरेंज कैप अभिषेक शर्मा के पास है, जिन्होंने 8 मैचों में 380 रन बनाए हैं। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में वैभव का प्रदर्शन इस दौड़ को और रोमांचक बना सकता है।



