रायपुर में गैस योजना की तैयारी तेज, सिलेंडर पर निर्भरता होगी कम

रायपुर, 22 अप्रैल (वेब वार्ता)। राजधानी रायपुर में रसोई गैस सिलेंडर पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है और इसके लिए भूमिगत गैस पाइपलाइन बिछाने की योजना पर काम प्रारंभ कर दिया गया है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना का दायित्व हरियाणा सिटी गैस को सौंपा गया है। नगर निगम आयुक्त ने संबंधित एजेंसी और अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य की विस्तृत रूपरेखा तय की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक तकनीकी स्वीकृतियां और अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

प्रशासन ने एजेंसी को यह भी निर्देशित किया है कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। यदि किसी भी पेयजल पाइपलाइन को नुकसान पहुंचता है, तो उसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही जहां-जहां सड़क की खुदाई की जाएगी, वहां तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात और आम नागरिकों को असुविधा न हो।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह योजना केंद्र सरकार की स्वच्छ ऊर्जा पहल के तहत लागू की जा रही है। इसके माध्यम से शहरवासियों को सुरक्षित, सस्ती और पर्यावरण अनुकूल गैस आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि पाइप्ड नेचुरल गैस सेवा शुरू होने के बाद न केवल रसोई गैस की उपलब्धता आसान होगी, बल्कि लंबे समय में यह व्यवस्था अधिक किफायती भी साबित होगी। इसके साथ ही गैस वितरण की सुरक्षा और पारदर्शिता में भी सुधार आएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles