देहरादून, 03 अप्रैल (वेब वार्ता)। आशा रोड़ी में आयोजित दिव्यांशु की शोक सभा में पहुंचे राकेश टिकैत ने उत्तराखंड पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और राज्य में बढ़ते अपराधों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और इसे सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसानों के साथ दून कूच करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हाल ही में हुए दिव्यांशु हत्याकांड के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
शोकसभा के दौरान माहौल भावुक हो गया, जब दिव्यांशु के बाबा फूट-फूट कर रो पड़े। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें सांत्वना दी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
राकेश टिकैत ने कहा कि देहरादून में छात्रों के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से दिव्यांशु जाट राणा की हत्या छात्रों के एक समूह द्वारा की गई, उससे युवाओं में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने और प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।



