भाजपा विधानसभा चुनाव में लगाएगी हैट्रिक: उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा का दावा, स्वामी विवेकानंद जयंती पर कुशीनगर में दिया प्रेरक संदेश

कुशीनगर, | विशेष संवाददाता | वेब वार्ता

स्वामी विवेकानन्द जयंती के अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता डॉ दिनेश शर्मा ने कुशीनगर में भाजपा की मजबूत स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चमत्कारी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब विकास और सुरक्षा के नए मानक स्थापित कर रहा है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार (हैट्रिक) जीत दर्ज करेगी।

डॉ शर्मा सोमवार को जनपद के तरया लक्षी राम में आयोजित स्वामी विवेकानन्द जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने होटल पथिक निवास में प्रेस वार्ता की।

स्वामी विवेकानन्द की सोच से प्रेरित विकसित भारत का संकल्प

डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने पूरे विश्व का भ्रमण कर भारत के अध्यात्म, सनातन के पवित्र मूल्यों को दुनिया के सामने रखा। उनकी सोच नए भारत की परिकल्पना थी। उन्हीं के अनुयायी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र और युवाओं के विकसित भारत के संकल्प को पूरा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द सभी धर्मों का सम्मान करते थे। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सनातन और हिंदुत्व को आगे ले जाया जा सकता है। वे रामकृष्ण परमहंस के आदर्श शिष्य और सनातन के मार्गदर्शक थे। आज देश आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना के साथ आगे बढ़ रहा है।

आर्थिक प्रगति पर गर्व, अमेरिकी टैरिफ से नहीं डरता भारत

डॉ शर्मा ने भारत की आर्थिक स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश अर्थव्यवस्था में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। भारत वर्ष 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। अमेरिकी टैरिफ चुनौती से भारत डरने वाला नहीं है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका का मानना था कि भारत की आर्थिक समृद्धि की यात्रा धीमी रहेगी, लेकिन पांच दिन पहले आई रिपोर्ट के मुताबिक भारत की वार्षिक जीडीपी वृद्धि 7.4 प्रतिशत दर्ज की गई है। पहले कांग्रेस सरकार में अमेरिकी बयान पर भारत की जीडीपी गिर जाती थी और शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव आ जाता था। मोदी ने जीएसटी का सरलीकरण किया और उपभोक्ताओं की मांग को पूरा किया। अब वह भारत नहीं रहा जो किसी से डरता हो। बदला हुआ भारत दुश्मन को उनके घर में घुसकर मार रहा है।

योगी सरकार ने बदला यूपी का चेहरा

उन्होंने उत्तर प्रदेश की प्रगति पर कहा कि योगी आदित्यनाथ के रूप में चमत्कारी नेतृत्व मिला है। प्रदेश में करोड़ों डॉलर का निवेश और रोजगार बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। कभी सपा सरकार में सड़क और गड्ढे में कोई अंतर नहीं था। कट्टा संस्कृति के रूप में जाना जाने वाला प्रदेश अब विकास के पथ पर है। यूपी सर्वोतम प्रदेश के रूप में उभरा है। आज जिस ट्रैक से एक्सप्रेसवे, हाईवे बन रहे हैं, शिक्षा-स्वास्थ्य की स्थिति सुधरी है। कभी यूपी लाल रंग का अमेरिकी गेहूं बांटता था, आज मुफ्त अनाज मिल रहा है। कुशीनगर में अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट बन गया है। कुशीनगर विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

2027 में हैट्रिक की गारंटी

डॉ शर्मा ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में 2027 का विगुल बज गया है। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में भाजपा विधानसभा चुनाव में हैट्रिक लगाएगी।

बुद्ध परिनिर्वाण मंदिर का दर्शन

प्रेस वार्ता से पहले डॉ दिनेश शर्मा ने कुशीनगर में बुद्ध परिनिर्वाण मंदिर का दर्शन किया और वहां शांति व समृद्धि की कामना की।

विकास और आत्मविश्वास का नया दौर

डॉ दिनेश शर्मा के बयानों से साफ है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव के मुद्दों पर लड़ेगी। स्वामी विवेकानन्द के विचारों से प्रेरित होकर पार्टी आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जुटी है। कुशीनगर जैसे पवित्र स्थल से मिला यह संदेश प्रदेश में भाजपा की मजबूत स्थिति को और मजबूत करता है।

हमारे व्हाट्सएप्प चैनल को फॉलो करें

ये भी पढ़ें: मेडिकल कॉलेज में ‘युवा शक्ति रन’ का भव्य आयोजन: स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवाओं ने ली राष्ट्र निर्माण की शपथ

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img