हरदोई, लक्ष्मी कान्त पाठक (वेब वार्ता)। जनशिकायतों को नजरअंदाज करने वाले अधिकारियों के लिए बुरी खबर है। विवेकानंद सभागार में आयोजित आईजीआरएस कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल त्रिपाठी ने साफ कहा कि शिकायत निस्तारण में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन अधिकारियों को 60% से अधिक शिकायतों में असंतोषजनक फीडबैक मिला है, वैसे 90 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि खराब फीडबैक वाले अधिकारियों के खिलाफ जल्द ही कठोर कार्रवाई तय है।
एडीएम त्रिपाठी ने यह भी निर्देश दिया कि अगर कोई शिकायत संबंधित विभाग से जुड़ी नहीं है तो उसे तत्काल वापस किया जाए और शिकायतकर्ता से जांच के दौरान संपर्क करना अनिवार्य होगा। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि सबसे अहम है।
उन्होंने चेताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के प्रति लापरवाह रवैया शासन की मंशा के खिलाफ है। इसलिए हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।
कार्यशाला में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्हें आईजीआरएस प्रणाली से जुड़ी बारीक जानकारी दी गई।








