Friday, February 13, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

दिल्ली के रेखा गुप्ता मंत्रिमंडल ने महिला सम्मान योजना लागू करने की मंजूरी दी

‘नारी सशक्तिकरण सरकार का लक्ष्य’, दिल्ली में महिला सम्मान योजना लागू होने पर बोले जेपी नड्डा

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने दिल्ली की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया। दिल्ली कैबिनेट ने महिला समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने महिला समृद्धि योजना लागू करने की घोषणा करते हुए कहा, “मैं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला शक्ति को नमन करता हूं और दिल्ली की महिलाओं को नमन करते हुए धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।” उन्होंने कहा, “मैं ‘आपदा’ को बता दूं कि हम सत्ता में आए हैं और नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में काम करना शुरू किया है। मैं महिला दिवस पर महिलाओं को बधाई देना चाहता हूं और महिला समृद्धि योजना के लिए भी बधाई देना चाहता हूं। सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में कैबिनेट ने इसे लागू करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि हम दिल्ली में महिला समृद्धि योजना के तहत हर महिला को 2,500 रुपये देंगे। आज मुझे खुशी है कि दिल्ली कैबिनेट में भी इसकी मंजूरी मिल गई। इसके लिए मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रधानमंत्री मोदी जी को बधाई देता हूं।” जे.पी. नड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार का फोकस महिलाओं का विकास है। प्रधानमंत्री मोदी नारी सशक्तिकरण के ध्येय के साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि जब नारी शक्ति का विकास होता है, तो दुनिया का विकास होता है। इसलिए नारी शक्ति को भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी हमेशा मूलरूप में मानकर आगे चली है। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के माध्यम से जो काम यूपीए और अन्य दल तीन दशकों में नहीं कर पाए, मोदी सरकार ने सिर्फ तीन दिन में करके दिखाया है। आज राज्यसभा और लोकसभा में सबसे ज्यादा महिलाएं भाजपा से हैं। उन्होंने कहा कि जिस घर में नारी का सम्मान नहीं है, वह घर आगे बढ़ नहीं सकता। जिस देश में नारी का सम्मान नहीं है, वह देश आगे नहीं बढ़ सकता। पीएम मोदी ने इस बात को समझा और महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम किया। लगभग छह करोड़ एमएसएमई में से करीब 2.5 करोड़ पंजीकृत एमएसएमई महिला स्वामित्व वाले हैं। पहले महिलाएं खुले में शौच करने को मजबूर थीं। ‘इज्जत घर’ से 12 करोड़ महिलाओं को वह सम्मान और सशक्तिकरण मिला, जिसकी वे हकदार हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं ने महिलाओं को सबल बनाने का काम किया। उज्ज्वला योजना सिर्फ गैस का सिलेंडर नहीं था, यह नारी शक्ति के सशक्तिकरण का स्वरूप था। इसी तरह स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय बनाकर सरकार ने महिलाओं को इज्जत से जीने का अधिकार दिया। आज महिलाएं सेना में अधिकारी के रूप में काम कर रही हैं। मातृत्व अवकाश को 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह कर महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जे.पी. नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि मैं आपको शाहबानो मामले की याद दिलाना चाहता हूं। एक तरफ पीएम मोदी ने तीन तलाक को खत्म किया, तो दूसरी तरफ तथाकथित प्रगतिशील नेता स्वर्गीय राजीव गांधी ने कानून में बदलाव करके महिलाओं से भरण-पोषण का अधिकार छीन लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को मुख्यधारा में लाने का काम किया है।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img