जुड़वां बेटियों की हत्या से सन्नाटा, छोटे भाई की मासूम पुकार ने सबको रुलाया

कानपूर, 20 अप्रैल (वेब वार्ता)। त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के एक फ्लैट में हुई जुड़वां बहनों की हत्या के बाद पूरा इलाका गम और सन्नाटे में डूबा हुआ है। रविवार की शाम जहां घर की दीवारें, दरवाजे और खिड़कियां पहले की तरह थीं, वहीं घर की चहकती आवाजें हमेशा के लिए खामोश हो चुकी थीं।

इस दर्दनाक घटना के बीच सबसे ज्यादा झकझोर देने वाला दृश्य छोटे भाई रुद्रव का था, जो अपनी बहनों रिद्धि और सिद्धि को ढूंढता रहा। मासूम रुद्रव बार-बार अपनी मां रेशमा से बहनों और पिता के बारे में पूछता रहा। मां ने उसे बहलाने के लिए कहा कि बहनें गुस्सा होकर चली गई हैं, लेकिन बच्चे की मासूम जिद ने माहौल को और भी भावुक बना दिया। उसने रोते हुए कहा कि वह अपने सारे खिलौने देने को तैयार है, बस उसकी बहनें वापस आ जाएं।

मां रेशमा के लिए यह स्थिति बेहद कठिन थी। उन्होंने बताया कि सुबह से बेटा लगातार बहनों के बारे में पूछ रहा है, लेकिन वह उसे सच्चाई बताने का साहस नहीं जुटा पा रही हैं। जब पुलिस घटना की जानकारी देने पहुंची, उस समय भी बच्चा उनके पास ही था और बाद में भी वह मासूम सवाल करता रहा कि पुलिस क्यों आई है।

जानकारी के अनुसार, दवा कंपनी में कार्यरत सेल्स मैनेजर शशिरंजन ने अपने फ्लैट में सुरक्षा के लिए कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे, लेकिन इसके बावजूद यह भयावह घटना नहीं टल सकी। फ्लैट के अंदर ड्राइंग रूम, रसोई, बेडरूम और लॉबी समेत कई स्थानों पर कैमरे लगे थे।

परिजनों के अनुसार, पिछले वर्ष परिवार में हुई एक मृत्यु के बाद से घर का माहौल बदला हुआ था और तनाव बढ़ गया था। हालांकि किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला इतनी भयावह दिशा ले लेगा।

घटना की जानकारी फैलते ही अपार्टमेंट के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और बच्चों के सामने हुए इस क्रूर कृत्य को लेकर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। कई लोगों ने सवाल उठाया कि जब घर के भीतर ही ऐसी घटनाएं होने लगें, तो बच्चों की सुरक्षा का भरोसा किस पर किया जाए।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह घटना न केवल एक परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए गहरी चिंता का विषय बन गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles