झांसी, 09 मई (वेब वार्ता/सुमित खरे)। झांसी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए करोड़ों रुपये का सोना और लाखों की नकदी बरामद की है। इस मामले में पहले से जेल में बंद भाजपा नेता आशीष उपाध्याय का नाम एक बार फिर सामने आने से मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है। पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार कर कई फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में स्वाट टीम, चिरगांव थाना, नवाबाद थाना, शहर कोतवाली और सीपरी बाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात शिवपुरी रोड स्थित रॉयल सिटी कॉलोनी में छापेमारी की। पुलिस ने एलआईजी भवन की तीसरी मंजिल पर बने एक कमरे में दबिश देकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को करीब एक करोड़ 55 लाख रुपये मूल्य के सोने के बिस्किट और लगभग 20 लाख रुपये नकद मिले। पुलिस के अनुसार बरामद धनराशि और सोना अवैध सट्टेबाजी के जरिए अर्जित किया गया प्रतीत हो रहा है। बरामद सामग्री को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने यशस्वी द्विवेदी और निशा नामक दो युवतियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि पूरा नेटवर्क नगरा निवासी सुमित साह, बृजेश, प्रभात अग्रवाल, अंकित तथा पूर्व में स्वाट टीम में तैनात रहे सिपाही रजत से जुड़ा हुआ है। पुलिस अब इन सभी आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में पूर्व में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके आशीष उपाध्याय का संबंध भी इस सिंडिकेट से रहा है। इससे पहले पुलिस आशीष उपाध्याय और शुभम साहू के बीच करीब एक करोड़ रुपये के लेनदेन का मामला भी पकड़ चुकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की आर्थिक और तकनीकी जांच की जा रही है। बैंक खातों, मोबाइल कॉल विवरण और ऑनलाइन लेनदेन की गहन पड़ताल की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।




