शाहजहांपुर, 09 मई (रामनिवास शर्मा)। शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र में युवक को गोली मारकर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 6 मई को जलालाबाद थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात हमलावर ने उसके पुत्र अमित सिंह को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। मामले की विवेचना के दौरान कांट थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुर निवासी अवनीश सिंह का नाम प्रकाश में आया।
शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते फरार होने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ग्राम पलहरई के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन जल्दबाजी में उसकी बाइक फिसलकर गिर गई।
पुलिस के अनुसार गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली कांस्टेबल शुभम सैनी की कोहनी को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के दाहिने पैर में लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और अमित सिंह के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी संदेह के चलते उसने 6 मई की शाम ग्राम टापर के पास अमित सिंह के सिर में गोली मार दी थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अमित सिंह को मृत समझकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




