बलरामपुर, 09 मई (कमर खान)। आदर्श नगरपालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने नगरवासियों से स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बनाने के लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक के सहयोग से बलरामपुर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भी स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता है।
नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री डीपी सिंह बैस ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत नगर के विभिन्न वार्डों का मूल्यांकन साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और नागरिक सहभागिता के आधार पर किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले वार्डों के सभासदों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा बनेगा, जो अपने वार्ड को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही अन्य वार्डों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने सभी सभासदों से अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को घर-घर जाकर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि नागरिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। नगर के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही बलरामपुर को स्वच्छ और आदर्श नगर बनाया जा सकता है। नगरपालिका परिषद द्वारा सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं तथा सफाई कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
नगरपालिका अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि जनसहयोग और सभासदों की सक्रिय भागीदारी से इस वर्ष बलरामपुर स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करेगा।




