-लक्ष्मीकांत पाठक
हरदोई, 04 मई (वेब वार्ता)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद हरदोई में उत्सव का माहौल देखने को मिला। जिला मुख्यालय पर आयोजित विजय उत्सव में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जीत की खुशी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने इस जीत को “विकसित भारत” के संकल्प की सार्थक परिणति बताया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह की रणनीति ने इस सफलता को ऐतिहासिक स्वरूप दिया है। उनके अनुसार यह जीत केवल राजनीतिक परिवर्तन नहीं, बल्कि नई विचारधारा के उदय का प्रतीक है।
अजीत सिंह बब्बन ने अपने संबोधन में कहा कि यह सफलता सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के उस दृष्टिकोण का विस्तार है, जिसकी परिकल्पना श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास और आत्मविश्वास के मार्ग को अपनाते हुए परिवर्तन का स्पष्ट संदेश दिया है। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं ने अपने मताधिकार का उपयोग कर समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मिठाइयां वितरित की गईं और नारों के बीच पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा। समारोह के अंत में आतिशबाजी की गई, जिससे जश्न अपने चरम पर पहुंच गया। देर तक गूंजते नारों और उल्लासपूर्ण माहौल ने इस विजय उत्सव को यादगार बना दिया।




