बलरामपुर, कमर खान | वेब वार्ता
जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के अंतर्गत लाभार्थियों को समय से एवं पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन ने उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम के भंडारगृह सिरसिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम की व्यवस्थाओं, स्टॉक की स्थिति, उठान एवं परिवहन व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
उठान प्रक्रिया की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अनाज उठान हेतु भंडारगृह पर लगे ट्रकों की संख्या की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित ट्रकों की संख्या के अनुरूप ही खाद्यान्न उठान (Lifting) सुनिश्चित किया जाए तथा यह प्रक्रिया समयबद्ध और नियमित रूप से संचालित हो।
ट्रकों में GPS एवं रूट चार्ट अनिवार्य
जिलाधिकारी ने भंडारगृह से खाद्यान्न परिवहन में लगे ट्रकों की जांच कर GPS की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी ट्रकों में GPS अनिवार्य रूप से लगा होना चाहिए तथा प्रत्येक वाहन का रूट चार्ट पूर्व से निर्धारित हो, ताकि परिवहन व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
स्टॉक रजिस्टर एवं भंडारण व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया तथा भंडारगृह में भंडारित अनाज/स्टॉक की भी भौतिक जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टॉक का नियमित मिलान (Stock Reconciliation) किया जाए तथा अभिलेखों का संधारण सही एवं अद्यतन रखा जाए।
- खाद्यान्न उठान एवं परिवहन में समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
- सभी ट्रकों में GPS और निर्धारित रूट चार्ट अनिवार्य
- PDS व्यवस्था में पारदर्शिता और सख्त निगरानी पर जोर
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि PDS व्यवस्था से जुड़े किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। खाद्यान्न उठान, परिवहन, स्टॉक मिलान एवं वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि लाभार्थियों को समय से राशन मिल सके।
निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, जिला पूर्ति अधिकारी, गोदाम प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
👉 हमारे व्हाट्सएप्प चैनल को फॉलो करें – Web Varta
ये भी पढ़ें: बलरामपुर: खतौनी में अंश निर्धारण की त्रुटियों के सुधार हेतु पोर्टल आधारित अभियान शुरू








