देवरिया में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर 28 अप्रैल से, योजनाओं का मिलेगा लाभ

देवरिया, 24 अप्रैल (ममता तिवारी)। जनपद में दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से 28 अप्रैल से सभी विकास खंडों में विशेष चिन्हांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि शिविरों में ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, स्मार्ट केन सहित अन्य कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों के लिए पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन किया जाएगा। इसके साथ ही शादी-विवाह प्रोत्साहन योजना, दिव्यांग पेंशन, दुकान निर्माण एवं संचालन योजना तथा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए कॉक्लियर इम्प्लांट योजना के अंतर्गत भी पात्र व्यक्तियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह शिविर 28 अप्रैल से 30 मई तक जनपद के सभी विकास खंडों में आयोजित होंगे। प्रत्येक शिविर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक संचालित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग विकास खंडों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ऐसे दिव्यांगजन, जिन्हें पिछले तीन वर्षों में किसी भी योजना या सहायक उपकरण का लाभ नहीं मिला है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। शिविर में भाग लेने वाले लाभार्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र की प्रति तथा एक पासपोर्ट आकार का फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।

इस संबंध में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी एवं सभी विकास खंड अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और अधिक से अधिक दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिविर स्थलों पर बैठने, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles