औरैया, 13 मई (वेब वार्ता)। औरैया जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ वार्डों में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और मरीजों से मिल रहे इलाज, दवाइयों की उपलब्धता तथा भोजन की गुणवत्ता के बारे में पूछताछ की। उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान ब्लड बैंक, पैथोलॉजी लैब और ऑक्सीजन प्लांट की कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा गया। डीएम ने ऑक्सीजन की उपलब्धता, मशीनों की स्थिति और पैथोलॉजी जांच रिपोर्ट मिलने में लगने वाले समय की जानकारी ली। इसके अलावा दवाइयों के स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया गया और मेडिकल वेस्ट निस्तारण की व्यवस्था भी जांची गई।
अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई खामियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी और साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए।




