राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई मे ई-रिक्शा पंजीकरण पर घमासान, तीन माह...

हरदोई मे ई-रिक्शा पंजीकरण पर घमासान, तीन माह से लंबित मामलों के समाधान की मांग; आंदोलन की चेतावनी

लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता) 06 अक्टूबर।
ई-रिक्शा चालकों और डीलरों की समस्याओं को लेकर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने मंगलवार को ई-रिक्शा डीलरों के साथ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) अरविंद कुमार सिंह से मुलाकात की। व्यापारियों ने ई-रिक्शा पंजीकरण में आ रही कथित दिक्कतों और करीब तीन माह से लंबित पंजीकरण का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
रामज्ञान गुप्ता ने आरोप लगाया कि ई-रिक्शा पंजीकरण के लिए चालकों से ट्रेनिंग सर्टिफिकेट प्रस्तुत करने को कहा जा रहा है। उनका कहना है कि ट्रेनिंग सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर चालकों से 10 से 12 हजार रुपये तक लिए जा रहे हैं, जबकि सरकारी शुल्क करीब 1,500 से 2,000 रुपये बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि ई-रिक्शा के अलावा अन्य वाहनों के पंजीकरण में इस तरह की शर्त लागू नहीं की जाती, तो ई-रिक्शा चालकों के लिए इसे क्यों जरूरी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि करीब तीन माह से ई-रिक्शा के पंजीकरण लंबित होने से डीलरों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और गरीब परिवारों के सामने रोजगार का संकट पैदा हो रहा है। उन्होंने एआरटीओ से लंबित पंजीकरण शीघ्र कराने तथा ट्रेनिंग सर्टिफिकेट संबंधी व्यवस्था को स्पष्ट करने की मांग की।
रामज्ञान गुप्ता ने आरोप लगाया कि ई-रिक्शा चालकों को सड़क पर वाहन चलाने के दौरान चालान और सीज की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कई चालकों को आरसी भी नहीं मिल पा रही है। इससे चालकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीब और छोटे व्यापारियों को राहत देने के बजाय उन पर नियमों का अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा बड़ी संख्या में गरीब परिवारों के लिए रोजगार का साधन हैं, इसलिए पंजीकरण संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।
सपा नेता ने कहा कि यदि तीन माह से लंबित ई-रिक्शा पंजीकरण जल्द शुरू नहीं किए गए तो डीलर अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
इस दौरान राजीव गुप्ता, पंकज गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, संतराम गुप्ता, राजू गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, निखिल श्रीवास्तव, अनुज श्रीवास्तव, प्रभात मिश्रा, विपिन गुप्ता, अवधेश गुप्ता, भईया लाल, दानिश खान, बादशाह खान, कुलदीप, गौरव श्रीवास्तव, शुभम गुप्ता, सोनू गुप्ता, रामू यादव, विकास त्रिपाठी, विकास गुप्ता, धर्मेंद्र यादव दीपू सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -