कुशीनगर 25 अक्टूबर । कुशीनगर जिले के कप्तान गंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार थार ने सवारी लेकर जा रहे ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि थार ई-रिक्शा के ऊपर चढ़ गई और ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार छह लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कालेज अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना कप्तानगंज थाना के हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर मथौली कस्बे में रविवार दोपहर में हुई।
लोहेपार से सवारियां लेकर ई-रिक्शा मथौली की ओर आ रहा था। दोपहर करीब 12 बजे कस्बे में इंडियन पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार थार अनियंत्रित हो गई और ई-रिक्शा में टक्कर मारते हुए उसके ऊपर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथौली पहुंचाया।
घायलों में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सिरसिया निवासी सरोज (45), उनका तीन वर्षीय पुत्र, सीमा (42), ई-रिक्शा चालक विद्यानाथ पांडेय (50), हरपुर बरवा निवासी अनूप (16) और लोहेपार के अमोलापट्टी टोला निवासी बबीता (32) शामिल हैं।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सरोज, सीमा, अनूप और बबीता की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।इस संबंध में कप्तान गंज थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने बताया कि थार को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कुशीनगर में थार ने सवारी ई- रिक्शा मारा पीछे से टक्कर : छ सवार घायल
- Advertisement -



