कुशीनगर 12 अक्टूबर। कुशीनगर जिले के निवासी एक युवक ओमान के सोहर पोर्ट पर रविवार को दुबई के टैंकर पर हुए ड्रोन हमले में लापता होने के चार दिन बाद भी कोई सूचना नहीं मिली। बताया जाता है कि हमले के समय टैंकर पर मौजूद चालक दल के सभी 11 भारतीय सदस्यों में नौ को सुरक्षित बचा लिया गया। जबकि दो क्रू मेंबर का पता नहीं चल पाया है। उसमें एक युवक कुशीनगर जिले के हाटा नगर पालिका क्षेत्र का निवासी अमित कुमार सिंह है। जिसका अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस कोतवाली हाटा व उपजिलाधिकारी कार्यालय से संपर्क किया गया तो उन्होंने नया कुछ नहीं बताया।
जिले के हाटा तहसील प्रशासन
के अनुसार कुशीनगर जिले के हाटा नगरपालिका क्षेत्र के गोपालपुर वार्ड निवासी 25 वर्षीय अमित कुमार सिंह उर्फ मुकुल दुबई की एसके इंजीनियरिंग शिपिंग एंड ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में क्रू मेंबर के रूप में कार्य करते थे । कंपनी का टैंकर एमटी पेट्रो डाल्फिन दुबई से ओमान के लिए रवाना हुआ। ओमान के सोहर पोर्ट पहुंचने पर टैंकर तीन दिनों तक खड़ा रहा। टैंकर पर चालक दल के 11 भारतीय सदस्य मौजूद रहे।इसमें अमित कुमार सिंह के माता पूनम देवी ने बताया कि रविवार की सुबह अमित से मोबाईल से बात हुई थी। उसमें अमित कुमार सिंह ने बताया था कि टैंकर के मेंटीनेंस कार्य शीघ्र पूरा करने के बाद वहां से तेल के लिए खाड़ी देश जाने की जानकारी दी थी। अमित कुमार सिंह के पिता देव प्रकाश सिंह ने बताया कि हमारे पास उसी दिन दोपहर में दो बजे कंपनी के कर्मचारी ने फोन कर बताया कि टैंकर पर ड्रोन हमला हुआ है। इसमें चालक दल के नौ सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। दो क्रू मेंबर लापता हैं, जिसमें अमित कुमार सिंह भी शामिल हैं। अमित कुमार सिंह के पिता देव प्रकाश सिंह ने बताया कि 23 जनवरी 2026 को ही अमित ने दुबई के स्वामित्व वाली इस कंपनी में नौकरी शुरू की थी। अमित को चार दिन हो गये किन्तु लापता अमित के बारे में अभी तक कोई सूचना नहीं मिल पायी है।
इस संबंध में तहसीलदार हाटा जया सिंह ने बताया कि प्रशासन परिवार के संपर्क में है। आवश्यक रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी गई थी ।
अमित के पिता ने बताया कि विदेश मंत्रालय द्वारा बताया जा रहा है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए ओमान में स्थित भारतीय दूतावास , स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ओमान के स्थानीय कोस्ट गार्ड और नौसेना द्वारा समुद्र में लापता दोनों भारतीयों की तलाश के लिए सघन सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। भारतीय विदेश मंत्रालय ओमान प्रशासन के साथ पल-पल की रिपोर्ट साझा कर रहा है।
अमित के पिता ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार से गुहार लगाई है कि बेटे को जल्द सुरक्षित ढूंढकर वतन वापस लाया जाए। लगातार कंपनी और दूतावास के संपर्क में हैं, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे उनकी चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
ओमान में टैंकर पर हुए ड्रोन हमले में कुशीनगर के लापता युवक की चार दिन बाद भी अतापता नहीं

- Advertisement -



