लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जनपद में 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना अभियान संचालित किया जाएगा। इसके लिए जनपद के 56 विभागों को कुल 25 लाख 7 हजार 500 स्वगणना का संशोधित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर अभियान को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार स्वगणना की प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर तत्काल जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराएं। साथ ही प्रतिदिन संपन्न होने वाली स्वगणना का विवरण निर्धारित गूगल शीट पर नियमित रूप से दर्ज किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध और पूर्ण रूप से हासिल करने की जिम्मेदारी संबंधित कार्यालयाध्यक्ष की होगी। जनगणना-2027 को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए उन्होंने कहा कि इसकी सफलता के लिए सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता और आपसी समन्वय जरूरी है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
स्वगणना अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने और व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी को सौंपी गई है। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को अभियान सर्वोच्च प्राथमिकता पर संचालित करते हुए निर्धारित अवधि में लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




