लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेब वार्ता)। सांडी विधानसभा क्षेत्र के रसूलपुर गोवा और ज्ञानपुरवा स्थित प्राथमिक विद्यालय लंबे समय से जलभराव और अव्यवस्थाओं से जूझ रहे हैं। परिसर और आसपास पानी व कीचड़ जमा होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। वहीं विद्यालय भवन की जर्जर हालत भी अभिभावकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।बच्चों और अभिभावकों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता रामज्ञान गुप्ता ने जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत कर मामले से अवगत कराया। उन्होंने विद्यालय की स्थिति का हवाला देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
पानी और जर्जर भवन से परेशानी
रामज्ञान गुप्ता ने बताया कि जलभराव के कारण विद्यालय पहुंचने वाले बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से पानी जमा होने के कारण परिसर में कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने जर्जर भवन की स्थिति की जांच कर जरूरी मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य कराने की भी मांग की।
ड्रेस और मिड-डे मील पर शिकायत
विद्यालय में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर भी उन्होंने जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराया। उनके अनुसार, कई बच्चों को अभी तक स्कूल ड्रेस नहीं मिल सकी है, जबकि कुछ बच्चों को ही ड्रेस उपलब्ध कराई गई है।
मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर भी बच्चों की ओर से शिकायत किए जाने की बात कही गई। रामज्ञान गुप्ता ने भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
जलनिकासी के बाद कायाकल्प की मांग
रामज्ञान गुप्ता ने विद्यालय परिसर से पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने के साथ ही जलभराव खत्म होने के बाद परिसर के सौंदर्यीकरण और कायाकल्प की मांग की। उनका कहना है कि इससे बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।रामज्ञान गुप्ता के अनुसार, जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए हैं।उन्होंने कहा कि बच्चों और आमजन की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना तथा उनके समाधान के लिए प्रयास करना सामाजिक कार्यकर्ता का दायित्व है।
इस मौके पर रामू यादव, श्याम गुप्ता, धर्मेंद्र यादव दीपू, सच्चिदानंद त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी, शुभम गुप्ता, सौरभ यादव, सोनू गुप्ता, रामपाल कश्यप, नीरू कश्यप, प्रेमचंद वर्मा, गुड्डू कुशवाहा, ताल सिंह शर्मा, पत्रपाल कुशवाहा, राज वर्मा, अनुराग तिवारी, अर्जुन कश्यप, नानक सक्सेना, शेर सिंह सक्सेना, धर्मेंद्र वर्मा, जगत सिंह कुशवाहा, मुन्ना कुशवाहा, बाला कुशवाहा, सोनू कुशवाह, वेद शर्मा, रामकुमार बीडीसी, मनिंदर वर्मा, विजय कुमार कुशवाहा और सुरेश वर्मा सहित सैकड़ों अभिभावक एवं बच्चे मौजूद रहे।




