लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई। महाराज कंसा के आराध्य भगवान शिव के मंदिर और ऐतिहासिक किले को मुक्त कराने की मुहिम को लेकर लाखन आर्मी ने कछौना में जनसभा कर आवाज बुलंद की। सेठ भूरामल आदर्श विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक एकता, शिक्षा और नशामुक्ति के साथ ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
लाखन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा और सामाजिक उत्थान में पासी समाज के महापुरुषों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेकर समाज में एकता और सामाजिक मजबूती स्थापित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संगठन हर गांव और हर घर को नशामुक्त बनाने की दिशा में अभियान चलाएगा।
गरीब सेवा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नृपेन्द्र वर्मा ने कहा कि ऐतिहासिक योगदान और गौरवशाली विरासत के बावजूद शराब और नशे की लत समाज की प्रगति में बाधा बनी हुई है। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान करते हुए कहा कि सामाजिक जागरूकता के माध्यम से ही देश के विकास में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है।
अधिवक्ता संजीव वर्मा निवासी गोपार ने समाज से शिक्षित बनने और अपने महापुरुषों के इतिहास एवं योगदान को जानने का आह्वान किया। कार्यक्रम संचालक दीपक वर्मा ने कहा कि हरदोई की पहचान को जननायक मदारी पासी की विरासत से जोड़ने के लिए लखनऊ चुंगी चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित कराने की मुहिम चलाई जाएगी। साथ ही खेतिहारी गांव को जोड़ने वाले निर्माणाधीन मार्ग का नाम जननायक मदारी पासी के नाम पर रखने की पहल की जाएगी।
सामाजिक कार्यकर्ता सूरज पासी ने समानता और मानवता के आधार पर सामाजिक मजबूती के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत बताई। कार्यक्रम संयोजक कुलदीप वर्मा निवासी शिवपुरी ने कहा कि लाखन आर्मी की मुहिम और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने में सभी लोग सक्रिय सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, लाखन आर्मी की टीम, प्रधानगण तथा पासी समाज के लोग मौजूद रहे। आदित्य वर्मा, पूर्व प्रधान शिवपाल पासी, पूर्व बीडीसी पंकज वर्मा, कन्हैयालाल अरसेनी, इंद्रजीत वर्मा, अमरपाल पहावां, लालजीत पासी, रामप्रसाद प्रेमी, अवधेश पासी, मीडिया प्रभारी सुनील रावत, नरेंद्र पाल वर्मा, अभिषेक कुमार बबुरावल, रामनरेश वर्मा, अमन पासी और अरुण वर्मा सहित दूर-दराज से आए सैकड़ों लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।




