राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई में बड़ा हादसा: हत्याहरण कुंड में स्नान...

हरदोई में बड़ा हादसा: हत्याहरण कुंड में स्नान करने गए सीतापुर के दो किशोर डूबे, मौत!

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई 21 सितम्बर (वेबवार्ता) जिस हत्याहरण कुंड में आस्था की डुबकी लगाने और परिवार के साथ कुछ सुकून के पल बिताने पहुंचे थे, वही कुंड सोमवार की शाम दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का ऐसा जख्म दे गया, जिसकी टीस शायद कभी कम नहीं होगी। देखते ही देखते पानी की गहराई में दो जिंदगियां समा गईं और उनके पीछे छूट गया चीखता-बिलखता परिवार। सीतापुर के 20 वर्षीय मोहित त्रिपाठी और 10 वर्षीय रितिक की कुंड में डूबने से मौत हो गई। दोनों की मौत ने दो घरों की खुशियों को मातम में बदल दिया।
सोमवार शाम करीब 4:30 बजे सीतापुर से दो परिवार हत्याहरण कुंड पहुंचे थे। आवास विकास कॉलोनी निवासी मोहित त्रिपाठी (20) पुत्र आलोक त्रिपाठी तथा ग्राम खेरवा, थाना कमलापुर निवासी रितिक (10) पुत्र मिथलेश परिजनों के साथ कुंड में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते आंखों के सामने पानी में समा गए।

एक पल में बदल गई खुशियों की तस्वीर।

परिजनों ने अपनों को डूबते देखा तो चीख-पुकार मच गई। मदद के लिए आवाजें गूंज उठीं। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस टीम और स्थानीय गोताखोर भी पहुंच गए। पानी में तलाश शुरू हुई और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका।उस वक्त परिजनों की आंखों में एक उम्मीद अभी बाकी थी—शायद सांसें चल रही हों, शायद अस्पताल में जिंदगी लौट आए। दोनों को आनन-फानन में सीएचसी कोथावां ले जाया गया। मगर चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिजनों की उम्मीदें चीखों में बदल गईं।
मोहित के साथ परिवार ने भविष्य के सपने संजोए थे, लेकिन उम्र के महज 20वें पड़ाव पर ही जिंदगी का सफर थम गया। वहीं 10 वर्षीय रितिक की मासूम उम्र अभी दुनिया को समझना भी शुरू नहीं कर पाई थी। जिस बच्चे के साथ परिवार ने आने वाले वर्षों की खुशियां देखी थीं, उसकी जिंदगी पानी की गहराई में हमेशा के लिए खो गई।
कुछ देर पहले तक हत्याहरण कुंड के किनारे परिजनों के बीच मौजूद दोनों जिंदगियां अब निर्जीव थीं। स्नान और आस्था के लिए पहुंचे परिवारों ने शायद सपने में भी नहीं सोचा होगा कि लौटते वक्त उनके साथ खुशियां नहीं, बल्कि दो घरों का मातम होगा।
दोनों मौतों की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हत्याहरण कुंड का माहौल भी गमगीन हो उठा। हादसे ने एक बार फिर कुंड और जलस्रोतों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी हरियावां लक्ष्मीकान्त गौतम ने बताया कि दोनों अपने परिजनों के साथ हत्याहरण कुंड में स्नान करने आए थे और नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -