हरदोई | संवाददाता | वेब वार्ता
जनपद हरदोई की मूल्यांकन दर सूची वर्ष 2026-27 के पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने आमजन एवं संबंधित हितग्राहियों से प्रस्तावित मूल्यांकन दर सूची को लेकर सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि मूल्यांकन दर सूची के वार्षिक पुनरीक्षण के लिए 9 जुलाई 2026 को संबंधित उप जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया गया था। समितियों ने विभिन्न आर्थिक गतिविधियों, पिछले वर्ष की तुलना में जनपद के बढ़े हुए लक्ष्य, नवविकसित क्षेत्रों, संपत्तियों की बढ़ती मांग, मुद्रास्फीति की दर, पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश की औसत ग्रोथ रेट, नई परियोजनाओं के विकास तथा नई बनने वाली सड़कों आदि को ध्यान में रखते हुए वर्तमान प्रचलित दर सूची के पुनरीक्षण का प्रस्ताव तैयार किया है।
प्रस्तावित मूल्यांकन दर सूची आमजन एवं संबंधित हितग्राहियों से सुझाव और आपत्तियां प्राप्त करने के लिए प्रकाशित की जा रही है। इसकी प्रतियां अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), सहायक महानिरीक्षक निबंधन तथा संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी/तहसीलदार कार्यालय में उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा संबंधित उप निबंधन कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर भी सूची चस्पा की जाएगी।
किसी व्यक्ति को प्रस्तावित मूल्यांकन दर सूची की किसी दर को लेकर आपत्ति अथवा सुझाव हो तो वह साक्ष्य सहित 10 सितंबर 2026 की शाम पांच बजे तक संबंधित कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से अथवा प्रतिनिधि के माध्यम से दर्ज करा सकता है। निर्धारित तिथि और समय के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों एवं सुझावों पर विचार नहीं किया जाएगा।
प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का निस्तारण 13 सितंबर 2026 को सक्षम स्तर से किया जाएगा। इसके बाद संशोधित मूल्यांकन दर सूची 15 सितंबर 2026 से प्रभावी कर दी जाएगी।




