- 16 से 30 नवंबर 2026 तक पूरे प्रदेश में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा होगा आयोजित
- आरटीओ कार्यालय से अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया
– स्कूलों, कॉलेजों और ऑटो-ई रिक्शा यूनियनों के साथ मिलकर रोजाना चलाना होगा जागरूकता अभियान
कानपुर। उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार प्रदेश में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा। इसी क्रम में सोमवार की दोपहर 12ः00 बजे कानपुर आरटीओ कार्यालय से सड़क सुरक्षा पखवाड़े से संबंधित जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को उप परिवहन आयुक्त आर आर सोनी, आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रशासन कहकशा खातून, एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह, एडीसीपी ट्रैफिस श्रीमती पूनम सिरोही व एआरएम संजय श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखा कर जागरूकता रैली को रवाना किया।
सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ करने के बाद उप परिवहन आयुक्त ने परिवहन अधिकारियों समेत उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के तहत यातायात नियमों का पालन एवं सड़क पर सुरक्षित चलने की शपथ दिलाई। उप परिवहन आयुक्त आर आर सोनी ने बताया कि शासन द्वारा जारी आदेश के क्रम में 16 से 30 नवंबर, 2026 तक पूरे प्रदेश में सड़क सुरक्षा पखवाडा आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा पखवाडे के अर्न्तगत प्रतिदिन किसी न किसी स्कूल, कालेजो, प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ -साथ आटो – ई रिक्शा तथा बस आपरेटरो की एसोसिएशन के साथ संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रमो को आयोजन किया जाये ताकि सड़क सुरक्षा पखवाडा कोई मूक पखवाडा बन कर न रह जाये। उन्होंने सड़क सुरक्षा के पोस्टर, बैनर लगाने व प्राचार वाहन से जागरूकता का संदेश देने के लिये मातहतो को निर्देशित किया। इस मौके पर पीटीओ दीपक सिंह व आरआई संतोष कुमार समेत परिवहन स्टॉफ मौजूद रहा।
कानपुर में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आगाजः आरटीओ कार्यालय से निकाली गई जागरूकता रैली, अधिकारियों ने दिलाई शपथ

- Advertisement -



