लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेब वार्ता) फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें तो यह व्यवस्था की खामी है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान कुल 110 शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि फरियादियों की समस्याओं का वास्तविक समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को राहत पहुंचाई जाए और निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




