वेब वार्ता
अमरोहा 07 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में खेतों से गुज़र रही बिजली लाइन की चिंगारी से छह बीघा गन्ना जलकर राख हो गई, लाखों के नुकसान का अनुमान।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव शेरगढ़ में बुधवार को बिजली लाइन से निकली चिंगारी के कारण गन्ने के खेत में भीषण आग लग गई, जिससे करीब छह बीघा पकी गन्ने की फसल जलकर राख हो गई और तीन किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित किसानों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रशासन से मुआवजा दिलाने और खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन व ट्रांसफार्मर को हटवाने की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को बताया कि गांव शेरगढ़ निवासी नरेश सिंह, सतीश और पुष्पाल के खेतों के ऊपर से बिजली की लाइन गुजर रही है और खेत में बिजली का ट्रांसफार्मर भी लगा हुआ है। बुधवार को बिजली लाइन से अचानक उठी चिंगारी सूखी गन्ने की फसल पर गिर गई, जिससे आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों किसानों की मेहनत से तैयार छह बीघा फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। पीड़ितों का आरोप है कि जर्जर लाइन और ट्रांसफार्मर को हटाने के लिए वे कई बार बिजली विभाग से शिकायत कर चुके थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
खेतों से गुज़र रही बिजली की लाइन में चिंगारी उठने से ईख में आग लग गई।लाखों का नुक़सान।

- Advertisement -



