सवाई माधोपुर, 09 मई (वेब वार्ता)। सवाई माधोपुर जिले के उलियाना गांव में युवक मनखुश मीणा की हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और परिजनों सहित ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती शाम गांव के 10 से अधिक लोगों पर मनखुश मीणा का कथित रूप से अपहरण कर उसे थार वाहन में जबरन अपने साथ ले जाने का आरोप है। युवक देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और मामला गंभीर हो गया।
शनिवार सुबह सुरवाल थाना क्षेत्र के सेलू गांव चौराहे के निकट खाट का नाला इलाके के मोड़ पर युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद सुरवाल थाना पुलिस के साथ मानटाउन और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। मृतक के शरीर पर चोटों के कई निशान पाए जाने के बाद पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के चलते कुछ युवकों ने मनखुश मीणा का अपहरण कर उसकी हत्या की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में लगी हुई है।
मृतक के परिजनों ने तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला अस्पताल परिसर में एकत्रित होकर प्रदर्शन कर रहे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
परिजनों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव नहीं लेंगे और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। दूसरी ओर पुलिस प्रशासन परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहा है। साथ ही संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।




