राज्यअन्य राज्यसमस्तीपुर जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत,...

समस्तीपुर जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत, परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल

समस्तीपुर, 03 जून (वेब वार्ता)। समस्तीपुर मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की इलाज के दौरान मौत हो जाने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान हलई थाना क्षेत्र के वाजितपुर करनैल वार्ड संख्या-01 निवासी 28 वर्षीय सुधीर कुमार उर्फ बाबा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार अवैध शराब से जुड़े एक मामले में उत्पाद विभाग की टीम ने तीन दिन पहले सुधीर कुमार को गिरफ्तार किया था। न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे समस्तीपुर मंडल कारा भेज दिया गया था। बताया जा रहा है कि जेल पहुंचने के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ गई थी।

जेल प्रशासन के अनुसार स्वास्थ्य खराब होने पर सुधीर कुमार को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे वापस जेल लाया गया, जहां जेल चिकित्सक की निगरानी में उसका इलाज जारी था। इसी बीच मंगलवार शाम उसकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई।

स्थिति गंभीर होने पर जेल प्रशासन ने उसे दोबारा समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत लगातार नाजुक बनी रही। काफी प्रयासों के बावजूद चिकित्सक उसकी जान नहीं बचा सके और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दौरान कई लोगों ने उत्पाद विभाग की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई और मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की।

मृतक के स्वजनों का कहना है कि गिरफ्तारी के समय सुधीर कुमार पूरी तरह स्वस्थ था। उनका आरोप है कि हिरासत में लिए जाने के बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली। परिजनों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जेल अधीक्षक प्रशांत कुमार ओझा ने बताया कि सुधीर कुमार की तबीयत जेल आने के बाद से ही खराब थी। उसका इलाज लगातार सदर अस्पताल और जेल चिकित्सकों की देखरेख में कराया जा रहा था। उन्होंने कहा कि हालत बिगड़ने पर उसे पुनः अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -