उज्जैन, 26 अप्रैल (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के घट्टिया थाना क्षेत्र में चोरी के संदेह में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर रस्सी से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। हालांकि बाद में जांच में मामला गलतफहमी का निकला, जिसके बाद ग्रामीणों ने युवक से माफी मांग ली।
घटना ग्राम ढाबला रेहवारी की है, जहां नागझिरी क्षेत्र निवासी राहुल साठिया अपने एक साथी के साथ गांव से गुजर रहा था। उसके पास लोहे के औजार थे, जिन्हें देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ कि वह मवेशी चोरी के इरादे से आया है। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन राहुल का साथी मौके से भाग निकला और राहुल ग्रामीणों के हाथ लग गया।
ग्रामीणों ने राहुल को पकड़कर उसके साथ मारपीट की और भागने से रोकने के लिए उसके पैर रस्सी से बांध दिए। करीब आधे घंटे तक उसे इसी हालत में रखा गया। इस दौरान राहुल लगातार खुद को कारीगर बताते हुए सफाई देता रहा, लेकिन लोगों ने उसकी बातों पर भरोसा नहीं किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। थाना प्रभारी करण खोवाल ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि राहुल पशुओं के सींगों की सफाई, पेंटिंग और नक्काशी का काम करता है और उसी कार्य के लिए औजार लेकर जा रहा था।
पुलिस ने स्थानीय स्तर पर भी जांच कर पुष्टि की, जहां युवक ने पूर्व में काम किया था। सच्चाई सामने आने के बाद ग्रामीणों ने युवक से माफी मांगी। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए पुलिस को आवेदन दे दिया।
इस घटना का वीडियो सामाजिक माध्यमों पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदेह की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तुरंत सूचना दें।



