उज्जैन में निजी क्लीनिक पर लापरवाही का आरोप, अपेंडिक्स ऑपरेशन के बाद 11 वर्षीय बच्ची की मौत

उज्जैन, 10 मई (वेब वार्ता)। धार्मिक नगरी उज्जैन में एक निजी क्लीनिक की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित मंछामन कॉलोनी के नोबल पॉली क्लीनिक में अपेंडिक्स के ऑपरेशन के बाद 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिसके चलते क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार महिदपुर निवासी दिव्या सूर्यवंशी का पिछले करीब एक महीने से नोबल पॉली क्लीनिक में इलाज चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि अपेंडिक्स के ऑपरेशन के दौरान बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बच्ची की हालत और मौत की जानकारी समय पर नहीं दी गई। उनका कहना है कि अस्पताल प्रशासन पूरे मामले को छिपाने का प्रयास कर रहा था। जैसे ही मौत की सूचना परिवार तक पहुंची, अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू हो गया। बाद में आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जिला चिकित्सालय के सामने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने अस्पताल की जांच की। प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी मिलते ही क्लीनिक संचालक ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से नोबल पॉली क्लीनिक को सील कर दिया।

स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक का पंजीकरण निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल के दस्तावेजों और उपचार प्रक्रिया की विस्तृत जांच की जाएगी। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित चिकित्सकों और प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नीलगंगा थाना पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच मेडिकल विशेषज्ञों की राय के आधार पर भी की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी का माहौल है। पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। वहीं प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles