सागर, 26 अप्रैल (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चरित्र शंका के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगलों में छिप गया था, जिसे पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 23 अप्रैल की दोपहर करीब 3 बजे ग्राम बोमा खजूरा में हुई। आरोपी मोहन गौड़ अपनी पत्नी देवकी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के दिन जब देवकी घर में सो रही थी, तभी आरोपी ने कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, आरोपी फरार हो चुका था।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
आरोपी जंगलों में लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था। इसके बावजूद पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ‘ऑपरेशन विजयपुरा’ चलाया। टीम ने पूरी रात सघन सर्च अभियान चलाया और अंततः ग्राम विजयपुरा के पास से आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि आरोपी काफी शातिर था और घने जंगलों में छिपकर बचने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उसे 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति आगे भी जारी रहेगी।



