राज्यमध्य प्रदेशभोपाल में 5 अगस्त से ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन,...

भोपाल में 5 अगस्त से ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन, 10 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

भोपाल, 04 अगस्त (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 5 अगस्त से चार दिवसीय ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 का शुभारंभ होगा। सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के संस्कृति मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी तथा 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन का मुख्य आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में होगा, जहां सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल और मध्य प्रदेश के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने मंगलवार को सम्मेलन की जानकारी देते हुए बताया कि तीसरे ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की बैठक में भाग लेने के लिए विभिन्न देशों के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भोपाल पहुंचेंगे। पहले दिन प्रतिनिधियों का पंजीकरण, द्विपक्षीय बैठकें और विशेष प्रदर्शनियों का अवलोकन कराया जाएगा।

सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय का भ्रमण करेंगे, जहां उनका पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। उन्हें मृदा शिल्प प्रदर्शनी, स्वदेशी हस्तशिल्प, पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के प्रदर्शन तथा जनजातीय आवासों का अवलोकन कराया जाएगा। शाम को सांस्कृतिक संध्या में कथक, लोकनृत्य और भारत की विविध पारंपरिक एवं जनजातीय वेशभूषाओं पर आधारित विशेष प्रस्तुति होगी।

विवेक अग्रवाल ने बताया कि लंदन के संग्रहालय में सुरक्षित मां वाग्देवी की प्राचीन प्रतिमा को भारत वापस लाने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से इस संबंध में पत्राचार जारी है और जल्द ही सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।

सम्मेलन स्थल पर ‘ज्ञान भारतम्’, ‘प्रोजेक्ट मौसम’ और ‘प्रोजेक्ट बृहत्तर भारत’ विषयों पर तीन विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। ये प्रदर्शनियां आम नागरिकों के लिए चारों दिन खुली रहेंगी और भारत की पांडुलिपि परंपरा, समुद्री सांस्कृतिक संबंधों तथा सभ्यतागत विरासत को प्रदर्शित करेंगी।

6 अगस्त को ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की बैठक में संस्कृति मंत्रियों की घोषणा के प्रारूप तथा सांस्कृतिक सहयोग के विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श होगा। इनमें सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण, संग्रहालय, रचनात्मक उद्योग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और सदस्य देशों के बीच जनसंपर्क को मजबूत करने जैसे विषय शामिल रहेंगे। इसी दिन रवींद्र भवन में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें भाग लेने वाले देशों के कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

7 अगस्त को ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के संस्कृति मंत्री भोपाल पहुंचेंगे। शाम को आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में भारत सहित भाग लेने वाले देशों के कलाकार संयुक्त प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘ब्रिक्स शांति गीत’ होगा, जिसमें बेलारूस, ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात की सांगीतिक परंपराओं का समावेश रहेगा।

इसी दिन मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से ‘अमृतस्य मध्य प्रदेश’ शीर्षक से भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। प्रसिद्ध नृत्य निर्देशक मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में 125 से अधिक कलाकार मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को मंच पर जीवंत करेंगे। प्रस्तुति में भीमबेटका, सांची, खजुराहो, चित्रकूट, उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, चंदेरी और प्रदेश की लोक एवं जनजातीय संस्कृति का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा।

8 अगस्त को भारत की अध्यक्षता में तीसरी ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक होगी। बैठक में सांस्कृतिक विरासत, संग्रहालयों, रचनात्मक अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा होगी। बैठक के समापन पर साझा घोषणा-पत्र स्वीकार किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रतिनिधियों के सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन करेंगे।

बैठक के बाद विदेशी प्रतिनिधिमंडल यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल सांची का भ्रमण करेगा। यहां प्रतिनिधि सांची स्तूप, बुद्ध जंबूद्वीप और चेतियागिरि मंदिर का अवलोकन करेंगे तथा योग एवं ध्यान सत्र में भी भाग लेंगे। शाम को सांची में त्रि-आयामी प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

9 अगस्त को इच्छुक विदेशी प्रतिनिधियों के लिए यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल भीमबेटका शैलाश्रयों के भ्रमण की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधियों के लिए भोपाल में धरोहर भ्रमण, पक्षी दर्शन, बड़ी झील में शिकारा विहार तथा स्थानीय हस्तशिल्प की खरीदारी जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -