किस्त कलेक्शन से लौट रहे युवक की बेरहमी से हत्या, 6 हमलावरों ने घेरकर किया वार

सोनीपत, 16 अप्रैल, 2026 (वेब वार्ता)। गांव पिनाना से दोड़वा की ओर किस्त कलेक्शन कर लौट रहे 22 वर्षीय युवक की छह हमलावरों ने घेरकर बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने बर्फ तोड़ने वाले नुकीले हथियार से युवक के शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

युवक की पहचान और काम

मृतक की पहचान युद्धवीर पुत्र रमेश के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से एचडीएफसी बैंक से जुड़े वित्तीय कार्य में किस्त कलेक्शन का काम करता था। साथ ही वह सरकारी नौकरी की तैयारी भी कर रहा था।

घात लगाकर किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय युद्धवीर अपनी स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे छह हमलावरों ने उसे रोक लिया। बताया जा रहा है कि चार हमलावर सामने से बाइक लेकर आए, जबकि दो ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के चेहरे, मुंह और होठों पर भी वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

युद्धवीर अपने परिवार में सबसे छोटा था। उसके परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं, जिनमें बड़ा भाई और दोनों बहनें विवाहित हैं। उसकी असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 15 दिन पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, हालांकि परिवार ने इससे इनकार किया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles