राज्यहरियाणासेवा संकल्प जनसभा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पूर्व...

सेवा संकल्प जनसभा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना, बोलीं—रिश्तेदारी के नाम पर ठगे गए इलाके के लोग

खरखौदा (राजेश आहूजा) भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मेहनत की बदौलत आज खरखौदा दुनिया के औद्योगिक मानचित्र पर स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने इलाके की जनता से भावनात्मक खिलवाड़ कर वोट तो हासिल किए, लेकिन अपना फर्ज अदा नहीं किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि खरखौदा में उनकी ससुराल होने के बावजूद क्षेत्र को वह विकास नहीं मिला, जिसकी लोगों को उनसे उम्मीद थी। यहां तो उन्हें दस काम अतिरिक्त करवाने चाहिए थे।

रविवार को खरखौदा विधायक पवन खरखौदा द्वारा आयोजित सेवा संकल्प जनसभा में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यहां के लोगों ने कांग्रेस को झोली भरकर वोट दिए, लेकिन कांग्रेस को बताना चाहिए कि बदले में क्षेत्र के लिए क्या किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ससुराल होने के नाते हुड्डा को खरखौदा के विकास के लिए दस काम अतिरिक्त करने चाहिए थे, लेकिन मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने इलाके की भावनाओं के साथ न्याय नहीं किया। दिल्ली से सटे खरखौदा को औद्योगिक विकास के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने का अवसर था, लेकिन क्षेत्र अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा सरकार के दौरान किसानों की जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया में ऐसी अड़चनें पैदा हुईं, जिनसे खरखौदा के विकास की रफ्तार प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में क्षेत्र को औद्योगिक पहचान दिलाने के लिए काम किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल घोषणाएं करने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारने का प्रयास करती है। खरखौदा आज औद्योगिक निवेश और रोजगार की संभावनाओं के कारण देश के औद्योगिक मानचित्र पर अपनी पहचान बना रहा है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि खरखौदा में लगभग 3,200 एकड़ में आईएमटी विकसित की जा रही है, जबकि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए लगभग 5,800 एकड़ अतिरिक्त जमीन की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने मारुति सुजुकी के खरखौदा प्लांट का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने निवेश बढ़ाने और उत्पादन क्षमता के विस्तार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे औद्योगिक प्रोजेक्ट स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोल सकते हैं। डॉ. गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आईएमटी खरखौदा की तर्ज पर प्रदेश में 10 आईएमटी स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में वाटर ट्रीटमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट जैसे विषयों पर हुई चर्चा का भी उल्लेख किया।

प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि खरखौदा में 10 हजार एकड़ में सैटेलाइट शहर बसाने की योजना क्षेत्र के भविष्य के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर भी खरखौदा की कनेक्टिविटी और औद्योगिक संभावनाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि खरखौदा में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और स्थानीय कारोबार को भी लाभ हो सकता है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं के सामने अब औद्योगिक विकास के साथ आगे बढ़ने के नए अवसर हैं। उन्होंने कहा कि खरखौदा ऐतिहासिक बदलावों का साक्षी बन रहा है। हुड्डा राज में नौकरी ढूंढ़ने वाले हमारे युवा आज अवसरों के बड़े केंद्र खरखौदा में नौकरी देने वाले बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने विधायक पवन खरखौदा द्वारा जरूरतमंद 108 बेटियों को दी जा रही वाशिंग मशीनों का वितरण किया। कार्यक्रम के आयोजकों ने भव्य माला पहनाकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत किया। इलाके के सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने भी उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली, विधायक कृष्णा गहलावत और विधायक पवन खरखौदा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला प्रभारी एडवोकेट राजबाला, मेयर राजीव जैन, भाजपा के वरिष्ठ नेता ललित बत्रा, प्रदीप सांगवान, देवेंद्र कौशिक, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अक्षित दहिया आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -