राज्यछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़: मुख्य सचिव विकासशील ने विभागीय योजनाओं और...

छत्तीसगढ़: मुख्य सचिव विकासशील ने विभागीय योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की

रायपुर, 22 जुलाई (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय में सभी विभागों के सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रमुख योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान विकासशील ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों के पेंशन तथा अन्य लंबित प्रकरणों का निराकरण अंतिम समय तक लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सेवानिवृत्ति की संभावित तिथि से लगभग दो वर्ष पहले ही आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय औपचारिकताएं प्रारंभ कर दी जाएं, ताकि कर्मचारियों को समय पर सभी देय लाभ मिल सकें। इसके साथ ही सभी विभागों को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की अद्यतन सूची तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए।

समीक्षा बैठक में ई-कार्यालय, आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली, लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सुग्घर छत्तीसगढ़ अभियान, नियद नेल्लानार योजना, प्रधानमंत्री प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, ई-राजपत्र, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास योजनाएं तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना सहित अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से इन योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए नियमित अनुश्रवण और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में विभागवार प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। विकासशील ने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए समर्पित प्रशिक्षण मंच के माध्यम से नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण की योजना तैयार करे, जिससे प्रशासनिक दक्षता और सेवा गुणवत्ता में सुधार हो सके।

मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि शासन की अधिक से अधिक योजनाओं और नागरिक सेवाओं को ऑनलाइन माध्यम से जोड़ा जाए, ताकि आम नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग सुशासन को मजबूत करने और सेवा वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -